छत्तीसगढ़

32 वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त: भौता क्षेत्र को मिली 10.50 करोड़ के सड़क का भूमिपूजन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया भूमि पूजन, लगभग 13.5 किमी डामरीकृत सड़क से ग्रामवासियों को मिलेगा लाभ

32 वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त: भौता क्षेत्र को मिली 10.50 करोड़ के सड़क का भूमिपूजन

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया भूमि पूजन, लगभग 13.5 किमी डामरीकृत सड़क से ग्रामवासियों को मिलेगा लाभ

एमसीबी, मनेंद्रगढ़। जिले के मनेंद्रगढ़ जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भौता सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। वर्ष 1994 से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत लगभग 13.5 किलोमीटर लंबी पक्की डामरीकृत सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 10 करोड़ 50 लाख रुपये है। क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन दशकों से सड़क निर्माण की मांग लगातार की जा रही थी, लेकिन अब जाकर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को स्वीकृति मिली है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और विकास की नई राह खुलेगी।

*दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ*

भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भूमि पूजन किया गया है। इनमें मुख्य मार्ग से बड़का पारा तथा मेन रोड से नारायणपुर बोदरा पारा तक सड़क निर्माण कार्य शामिल है।

उन्होंने बताया कि इस मार्ग का लगभग साढ़े आठ किलोमीटर हिस्सा वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में था। बरसात के दिनों में सड़क की हालत इतनी खराब हो जाती थी कि दोपहिया वाहन तक नहीं चल पाते थे। ग्रामीणों को अस्पताल, स्कूल, बाजार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

*सात पंचायतों को सीधा लाभ*

मंत्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। सड़क निर्माण से भौता, नारायणपुर सहित मध्यप्रदेश सीमा से लगे कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा मरवाही, कोड़ा, नेवरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।

उन्होंने कहा कि सड़क बनने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज जाने में सुविधा मिलेगी तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

*ढाई वर्षों में मिली लगभग 100 किलोमीटर सड़कों की सौगात*

कार्यक्रम में बताया गया कि भौता से सटे सात ग्राम पंचायतों में पिछले ढाई वर्षों के दौरान लगभग 100 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य की सौगात दी जा चुकी है। इनमें कई सड़कें पूर्ण होकर लोगों के उपयोग में आ चुकी हैं, जबकि कई अन्य सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है या शीघ्र प्रारंभ होने वाला है।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लंबे समय से लंबित विकास कार्यों में से एक थी। सड़क बनने से गांवों की तस्वीर बदलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

*क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई दिशा*

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से विकास योजनाओं का लाभ भी तेजी से लोगों तक पहुंच सकेगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली यह सड़क आने वाले समय में भौता और आसपास के गांवों के लिए विकास की नई पहचान बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!